मुख्य आरोपी गौरव शर्मा की तलाश में पूर्वांचल तक दबिश
हाथरस
पुलिस उसके परिचितों, दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। इतना ही नहीं, पुलिस की टीम पूर्वांचल में भी दबिश देने पहुंची है। बुधवार की शाम तक पूर्वांचल के कई जिलों में पुलिस गौरव की तलाश में खाक छान चुकी है। उत्तर प्रदेश के हाथरस में किसान अमरीश की हत्या कर फरार होने वाले एक लाख के इनामी गौरव शर्मा की तलाश में अलीगढ़ व हाथरस पुलिस की कई टीमें तेजी से गौरव को तलाश कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि गौरव शर्मा का राजनेताओं से कनेक्शन है जिसके चलते पुलिस राजधानी लखनऊ में भी पता करा रही है। श्रावस्ती में उसके पिता नौकरी करते हैं, लिहाजा पुलिस आसपास के जिलों में भी पहुंची है। बुधवार को आगरा में एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि अलीगढ़ व हाथरस की टीमें तेज गति से गौरव की तलाश कर रही हैं। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इधर, एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। गौरव की तलाश भी दिनरात की जा रही है। पूर्वांचल के जनपदों में भी टीमों को भेजा गया है। अभी दूसरे राज्यों में टीमों को नहीं भेजा गया है।
किसान हत्याकांड का मुख्य आरोपी गौरव शर्मा विधायक लिखी कार से रौब गांठता फिरता था। सफेद रंग की क्रेटा कार पर न केवल विधायक लिखा है, बल्कि सचिवालय का स्टीकर भी लगा हुआ है। कार के संग उसके फोटो सोशल मीडिया पर हैं। शक है कि इसी सफेद रंग की ही कार से उसने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है।

पाठको की राय